साहिबाबाद। साहिबाबाद डिपो में मरम्मत के लिए खड़ी पिंक बस में मंगलवार देर रात आग लग गई। इससे बस के आगे का हिस्सा जलकर राख हो गया।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि साहिबाबाद डिपो परिसर में पिछले महीनों से मरम्मत के लिए 50 बसें खड़ी हैं। मंगलवार देर रात दो बजे परिसर में खड़ी पिंक बस आग लग गई। उस समय डिपो परिसर में तैनात कर्मचारियों ने आनन फानन में पानी और अग्निशमन यंत्र से आग बुझा दी। बुधवार सुबह कर्मचारियों ने आग की सूचना दी। क्षेत्रीय प्रबंधक केएन चौधरी और एसएम बीके चौधरी ने मौके पर निरीक्षण किया। एसएम बीके चौधरी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में किसी की परछाई दिखाई दी है। फोरमैन और रात के समय तैनात कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले की चांच पड़ताल करने के बाद लिंक रोड थाना में शिकायत दी गई। एसीपी भास्कर वर्मा का कहना है कि जांच की जा रही है।
हो सकता था बड़ा हादसा : जिस पिंक बस में आग लगी थी, उसके आसपास कई और बसें भी खड़ी थीं। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो अन्य बसों तक भी आग की लपटें पहुंच सकती थीं। ऐसे में बड़ा हादसा होने से बच गया।