इंदिरापुरम। वसुंधरा सेक्टर-12 में जयपुरिया स्कूल के सामने स्कूटी सवार लुटेरों ने पूर्व जिला जज की बेटी से फोन लूट लिया। वह रात में खाना खाकर घर के बाहर टहल रही थीं। 9 अगस्त की इस घटना की रिपोर्ट पुलिस ने एक महीने बाद दर्ज की है। अब पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज की जांच कर बदमाशों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।
वसुंधरा की जज कालोनी में पूर्व जिला न्यायाधीश दीपक कुमार स्वरूप परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने पुलिस को शिकायत दी कि 9 अगस्त की रात करीब 8:30 बेटी पूजा स्वरूप टहलते हुए जयपुरिया स्कूल के पास पहुंच गई थीं। तभी पीछे से स्कूटी सवार एक लुटेरे आए और उनके हाथ से मोबाइल फोन झपटकर भाग गए। बेटी ने लुटेरों को पकड़ने के लिए शोर मचाया, लेकिन वह तेजी से भाग निकले। उनकी बेटी ने घर पहुंचकर घटना के बारे में बताया। बाद में घटना की शिकायत चौकी पर दी गई। वहां पुलिसकर्मियों ने उन्हें जांच का आश्वासन दिया। आरोप है कि इंदिरापुरम कोतवाली पुलिस ने करीब एक महीने तक लूट का मुकदमा दर्ज नहीं किया। एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि घटना की शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज किया है। टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मोबाइल नंबर के आधार पर लोकेशन ट्रेस कर रहे हैं।