साहिबाबाद। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-एक में लुटेरों ने घर के बाहर सीए की छात्रा से मोबाइल लूट लिया। घटना शालीमार गार्डन थाने के पास की है। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन निवासी हरिंद्र कौर ने बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे उनकी बेटी जयसिका कौर घर के बाहर खड़ी थीं। वह सामान देने के लिए किसी परिचित का इंतजार कर रही थी। इस बीच गलत दिशा से सफेद स्कूटी पर आए लुटेरों ने हाथ से मोबाइल छीन लिया। वह लुटेरों को पकड़ने के लिए दौड़ीं लेकिन बदमाश तेजी से भाग गए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। लूट की घटना घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कैद हो गई है। पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वीडियो फुटेज से लुटेरों की पहचान के प्रयास कर रहे हैं।