गाजियाबाद। आवारा कुत्तों की समस्या से परेशान राजनगर एक्सटेंशन की केडीपी ग्रैंड सवाना सोसायटी के लोगों ने शनिवार सुबह गेट पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की समस्या इतनी बढ़ गई है कि लोगों के अंदर डर बैठ गया है। एक हफ्ते में एक बच्चे और एक महिला पर कुत्ते हमला कर चुके हैं। नगर निगम समस्या के समाधान के लिए कुछ नहीं कर रहा है।
शुक्रवार को सोसायटी के बेसमेंट में घरेलू सहायक प्रमिला को कुत्तों के झुंड ने काटकर लहूलुहान कर दिया था। करीब 10 मिनट तक कुत्ते उसपर हमलावर रहे। महिला के शरीर पर 10 जगह गहरे जख्म हो गए हैं। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों का कहना है कि इलाज में एक लाख रुपये तक खर्च हो गए हैं। वहीं, सोसायटी निवासी राहुल बालियान का कहना है कि चार दिन पहले भी कुत्तों के झुंड ने 10 साल के बच्चे पुलकित पर हमला कर दिया था। बच्चे के पैर में कई जगह जख्म हो गए हैं। हर हफ्ते दो लोगों को कुत्ते काट रहे हैं। बच्चे डर की वजह से पार्क में नहीं जा रहे हैं।
नगर निगम को 24 घंटे का अल्टीमेटम
सोसायटी के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कई बार शिकायत के बाद भी नगर निगम कोई समाधान नहीं कर रहा है। सोसायटी में 30-40 आवारा कुत्ते हो गए हैं कुछ कथित पशु प्रेमियों की वजह से दिक्कत ज्यादा बढ़ गई है। गेट के पास फीडिंग पॉइंट बनाने के बाद भी कुछ लोग कुत्तों को सार्वजनिक स्थानों पर खाना खिला रहे हैं। इसका विरोध करने पर पीएफए की धमकी दी जाती है। विरोध प्रदर्शन के बाद लोगों ने तय किया है कि यदि 24 घंटे में नगर निगम समस्या का समाधान नहीं करता है तो रविवार की शाम को सोसायटी के लोग एकत्र होकर नगर आयुक्त के आवास पर जाएंगे और विरोध प्रदर्शन करेंगे। पुलिस से भी शिकायत की गई है।
उधर, एओए के अध्यक्ष सचिन त्यागी का कहना है कि कुत्तों की समस्या का समाधान होना चाहिए। सोसायटी के बाहर फीडिंग प्वाइंट बनाया जाए। गेट पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाए, जिससे कोई भी आवारा पशु अंदर न जा सके।
-
नगर निगम ने पकड़े कुत्ते
नगर निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण विभाग के डाॅक्टर आशीष त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार को नगर निगम की टीम सोसायटी में आवारा कुत्तों को पकड़ने गई थी। चार-पांच कुत्तों को पकड़कर लाई है। उन्होंने कहा सोसायटी के एओए द्वारा तय फीडिंग प्वाइंट से अलग हटकर यदि कोई कुत्तों को खाना खिला रहा है तो गलत है। शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।