साहिबाबाद। न्यू डिफेंस काॅलोनी में सब्जी विक्रेता मुकेश के घर में लगी आग को लोगों ने पानी डालकर बुझाया। आग का पता चलते ही लोग घरों से पानी से भरी बाल्टियां लेकर पहुंचे। आग बुझाने के बाद लोग दोनों सिलिंडरों को उठाकर ले गए और पास के खाली प्लाॅट में फेंक दिया। गनीमत रही कि गैस रिसाव और फिर आग लग जाने के बावजूद सिलिंडर फटे नहीं। अगर फट जाते हो हादसा और भयावह हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने आग लगने के दौरान काफी सूझबूझ से काम किया। लोगों ने आग पूरे घर में फैलने पर रेत और पानी डालकर उसे आधे घंटे में काबू कर लिया। इस बीच कमरे में रखा सामान और खाट जल गई। लोगों ने ही आग लगने की सूचना टीलामोड़ पुलिस को दी। लोगों की मदद से पुलिस ने झुलसे छह लोग और घायल नाथूराम को दिल्ली के गुरुतेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया।
एसीपी सिद्धार्थ गौतम का कहना है कि निर्माणाधीन मकान में सिलिंडर में गैस रिसाव से आग लगी थी। झुलसे से मां और दो बेटी की मौत हो गई जबकि तीन झुलसे लोगों का इलाज चल रहा है। घायल मकान मालिक की हालत भी खतरे से बाहर है। लोगों ने आग से जले सिलिंडरों को खाली प्लाट में फेंक दिया था।