इंदिरापुरम। हैबिटेट सेंटर में अभिनेता सनी देओल, अभिनेत्री अमीषा पटेल, निर्देशक अनिल शर्मा और गायक उदित नारायण को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। हैबिटेट सेंटर में प्रवेश मिलने से वंचित 15-20 हजार लोगों को रोकना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण बना रहा। इस दौरान आधा इंदिरापुरम करीब आठ घंटे जाम से जूझता रहा। सनी देओल और अमीषा पटेल ने गाने पर प्रस्तुति दी और फिल्म के बारे में चर्चा की। फिल्मी कलाकारों के आने को लेकर गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली व आसपास के लोगों में खासा उत्साह रहा। दोपहर से ही युवाओं समेत लोगों को हैबीटेट सेंटर पहुंचना शुरू हो गया। शाम को कलाकारों के आने पर भीड़ बेकाबू हो गई। वहीं पुलिस ने रविवार सुबह ही हैबीटेट सेंटर के आसपास लगने वाले बाजार को बंद कराए रखा। अपर पुलिस आयुक्त गाजियाबाद दिनेश पी कुमार रविवार दोपहर को इंदिरापुरम पहुंचे। उन्होंने हैबीटेट सेंटर में फिल्म कलाकारों के आगमन कार्यक्रम को लेकर निरीक्षण किया। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।