गाजियाबाद। कविनगर क्षेत्र में फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश करने पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर लोकेश राजपूत नाम के व्यक्ति ने कई लोगों से करोड़ों रुपये ठग लिए। शातिर ने लोगों को 15 प्रतिशत तक का मुनाफे का झांसा दिया। ठगी का शिकार हुए बुलंदशहर के रहने वाले राजेंद्र सिंह और किशोर सिंह सैनी ने लोकेश के खिलाफ कविनगर थाने में 1.45 करोड़ रुपये ठगने का आरोप लगाया है।
किशोर सिंह सैनी का कहना है कि लोकेश से उनकी मुलाकात राजेंद्र सिंह के माध्यम से हुई। वह राजेंद्र के साथ ही राजनगर में लोकेश से मिलने आए। जहां उसने फॉरेक्स ट्रेडिंग में रुपये निवेश कराकर मोटे मुनाफा का झांसा दिए। उन्होंने 3.10 लाख रुपये निवेश कर दिए। विश्वास दिलाकर उसने उनके परिचित रमेश व जितेंद्र से 4.80 लाख रुपये निवेश कराए लेकिन उन्हें आज तक कुछ नहीं मिला। वह रुपये वापस मांगने लगे तो वह धमकी देने लगा।
वहीं, राजेंद्र सिंह का कहना है कि लोकेश पहले से ही लोगों को जाल में फंसाकर धोखाधड़ी करता आ रहा है। वह उनके गांव के पास का रहने वाला है। उसके खिलाफ करीब 18 मुकदमे दर्ज हैं। उसने उनसे भी 12.72 लाख रुपये ऐंठे हैं। शुरुआत में उसने कुछ समय तक पांच से 10 हजार रुपये दिए लेकिन बाद में बंद कर दिए। 2022 में वह जेल भी जा चुका है। जुलाई 2022 में जमानत पर बाहर आने के बाद उसने उनसे अगस्त 2022 में मुलाकात की और कहा कि वह अब सुधर गया और नए काम की शुरुआत करना चाहता है ऐसा करके उसने उनके परिचितों से चार महीने में 1.25 करोड़ रुपये निवेश करा लिए। अब वह धमकी दे रहा है। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
होगी गैंगस्टर की कार्रवाई
पुलिस आयुक्त अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि लोकेश के खिलाफ एनबीडब्लू जारी थे, जिसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसका आपराधिक इतिहास खंगाला गया है। इसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।