फ़ोटो समाचार माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। विजय नगर थाना क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पड़ोसी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही 6 साल की बच्ची से घटना की जानकारी ली। मौके पर पहुंचे मायका पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने जांच कर कार्यवाही का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।......... मूलरूप से मेरठ निवासी दीप्ति (35) की शादी करीब 8 साल पहले सेक्टर-9 विजयनगर में रहने वाले मनोज कुमार के साथ हुई थी। दोनों की छह साल की एक बच्ची भी है। मनोज दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में टैक्निशियन है। बच्ची ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार सुबह मम्मी किचन में खाना बना रही थी, इसी दौरान पापा से उनकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर पापा ने मम्मी को चप्पल मार दी। जिसके बाद पापा घर से बाहर चले गए और मम्मी अपने कमरे में जाकर रोने लगी। बच्ची के बताने पर पड़ोस में रहने वाली महिला ने दीप्ति को घर आकर समझाने का प्रयास भी किया। लेकिन पड़ोसन के चले जाने के बाद दीप्ति ने कमरा बंद कर फांसी लगा ली। पिता बोला- शराब पीकर उनकी बेटी को मारता था दामाद.... घटना की जानकारी लगने पर मायका पक्ष के लोग भी पहुंच गए। फौज से रिटायर्ड दीप्ति के पिता सतवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि दामाद मनोज शराब पीने के बाद उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। हालांकि दहेज उत्पीड़न की बात से सतवीर ने इंकार किया है। मनोज पर दीप्ति को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने तहरीर दी है। सीओ फर्स्ट धर्मेंद्र चौहान का कहना है कि तहरीर के आधार पर मनोज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पीएम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।