गाजियाबाद। एनसीआरटीसी ने नमो भारत के यात्रियों के यात्रा अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए एयरटेल पेमेंट्स बैंक के साथ मिलकर को-ब्रांडेड नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) तैयार किया है। बृहस्पतिवार को एनसीआरटीसी के मुख्यालय में एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल और एयरटेल पेमेंट्स बैंक के मुख्य परिचालन अधिकारी गणेश अनंत नारायणन ने कार्ड को लांच किया। इस कार्ड से यात्रा करने के साथ ही सामानों की खरीदारी भी की जा सकेगी।
नमो भारत के यात्रियों की सुविधा के लिए यह कार्ड लांच किया गया है। एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने बताया कि नमो भारत एनसीएमसी कार्ड नमो भारत ट्रेनों और अन्य परिवहन साधनों में जैसे मेट्रो, बसों से यात्रा के दौरान भी इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके अलावा प्रीपेड और डेबिट कार्ड के तौर पर भी यह कार्ड कार्य करेगा। इन कार्ड्स की मदद ने यात्री न केवल यात्रा कर सकेंगे बल्कि खरीदारी और फूड जैसी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी भुगतान करने में सक्षम होंगे। यह कार्ड आरआरटीएस स्टेशनों से खरीदे सकेंगे। इसके साथ ही यात्री इन कार्ड्स को एयरटेल थैंक्स एप पर एयरटेल पेमेंट्स बैंक सेक्शन के माध्यम से भी खरीद सकते हैं।