टीलामोड़ थानाक्षेत्र स्थित इंद्रप्रस्था कॉलोनी के पास मैदान में एलपीजी सिलिंडर की गाड़ी में लीक
साहिबाबाद। टीलामोड़ थानाक्षेत्र स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के पास खाली मैदान में सिलिंडर से भरे ट्रक में बुधवार देर रात एलपीजी लीकेज होने लगी। जब बदबू आसपास के घरों तक पहुंची तब लोगों की नींद खुली। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर दमकल की टीम पहुंची और कूलिंग का काम कर लीकेज को रोका। इसके बाद गैस एजेंसी की टीम मौके पर पहुंची और सिलिंडर हटवाए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि खाली मैदान में औद्योगिक क्षेत्र में सप्लाई के लिए सिलिंडर से भरी गाड़ी खड़ी थी। उनमें रखे एक सिलिंडर में अचानक लीकेज शुरू हो गई। लोगों की भीड़ जब वहां पहुंची तब हादसे के डर से महिलाओं और बच्चों को घरों से बाहर निकालकर दूर भेज दिया गया। सीएफओ ने बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल की एक टीम को भेजा गया। यहां पानी डालकर पहले कूलिंग का काम किया गया। इसके बाद पहुंची गैस एजेंसी की टीम ने लीकेज को रोककर गाड़ी को हटवाया।