गाजियाबाद। रविवार को पलवल-गाजियाबाद ईएमयू अपने निर्धारित समय से दो घंटे 12 मिनट देरी से गाजियाबाद पहुंची। इसको यहां दोपहर 1:40 पर पहुंचना था, लेकिन यात्रियों को इसका 3:52 तक इंतजार करना पड़ा। इसके अलावा 30 से ज्यादा लोकल व एक्सप्रेस ट्रेनों के अपने निर्धारित समय से नौ घंटे तक देरी से चलने से यात्री परेशान हो गए। सुबह की बजाय शाम व शाम की बजाय यात्री सुबह को अपने गंतव्य तक पहुंच सके। हालत यह रही कि कैफियत 9 घंटे 50 मिनट देरी, सीमांचल एक्सप्रेस पांच घंटे, उत्तर पूर्व एक्सप्रेस चार घंटे, कलिंगा उत्कल सवा दो घंटे, आला हजरत एक घंटे, छत्तीसगढ़ 35 मिनट, अलीगढ़ दिल्ली मेमू 20 मिनट देरी से गाजियाबाद पहुंची। नॉर्दर्न रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि कई जगह कोहरा ज्यादा पड़ रहा है। इसी कारण ट्रेनों के समय में सुधार नहीं आ पा रहा है।