गाजियाबाद/मसूरी। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर पिकअप चालक को बंधक बनाकर उसका मोबाइल, नकदी और पिकअप लूटने की घटना का मसूरी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल एक बदमाश को गिरफ्तार किया है जबकि अभी तीन बदमाश फरार है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के पास से लूटा गया पिकअप (मालवाहक वाहन), घटना में प्रयुक्त हथौड़ी और तमंचा बरामद किया है।
एसीपी मसूरी नरेश कुमार ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश मसूरी के गांव नाहल निवासी मुशाहिद है। पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथी मुरादनगर के नेकपुर निवासी इकदाद, मेरठ के सरुरपुर के गांव खिवाई निवासी सुल्तान उर्फ सलीम उर्फ शेखचिल्ली के साथ मिलकर 30 सितंबर की तड़के करीब तीन बजे एक्सप्रेसवे पर खड़े पिकअप का हथौड़ी से शीशा तोड़कर चालक को बंधक बनाया था और उसके हाथ-पैर बांधकर फेंक दिया था। इस के बाद पिकअप, चालक का मोबाइल और 10 हजार की नकदी लेकर भाग गए थे। पकड़े जाने के डर से मोबाइल उन्होंने गंगनहर में फेंक दिया था। अब वह पिकअप को बेचने की फिराक में था।
मुशाहिद पर दर्ज हैं 14 मुकदमे
मुशाहिद के खिलाफ चोरी, लूट, गोकशी, मुठभेड़, गैंगस्टर, दुष्कर्म, मारपीट और शस्त्र अधिनियम के 14 मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के बदमाशों का भी आपराधिक इतिहास पुलिस खंगाल रही है। मुशाहिद ने बताया कि उसके साथी इकदाद और सुल्तान ने पिकअप में लूटा गया एसी का सामान अपने साथी अंकुर विहार के खन्नानगर निवासी साबिर को बेचने के लिए दे दिया था। एसीपी ने बताया कि साबिर की भी तलाश की जा रही है।