गाजियाबाद। नंदग्राम क्षेत्र के दीनदयालपुरी निवासी बब्लू के डेढ़ वर्षीय बेटे सिद्धार्थ की झोलाछाप के गलत इलाज के कारण मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने झोलाछाप की दुकान सील कर दी है। झोलाछाप अपना मोबाइल बंद कर फरार है।
बब्लू ने बताया कि बृहस्पतिवार रात सिद्धार्थ को उल्टी-दस्त आने पर उसे गली के ही विश्वास क्लीनिक पर ले गए। वहां झोलाछाप ने बच्चे को दवाई देने के साथ ही इंजेक्शन लगा दिया। कुछ देर बाद बच्चा सुस्त हो गया तो परिजनों को लगा कि आराम मिलने से सो गया, दोबारा उल्टी-दस्त होने लगा तो फिर उसी के पास ले गए। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसने एमएमजी ले जाने की सलाह दी। परिजन बच्चे को एमएमजी ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इमरजेंसी में पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दर्ज कराई जाएगी एफआईआर
बच्चे की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग को झोलाछाप की दुकान सील करने की याद आई। इसके पहले झोलाछाप को नोटिस भी नहीं दिया गया था। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार ने बताया कि मौके पर नोडल अधिकारी डॉ. पंकज राकेश को जांच के लिए भेजा गया था। दुकान सील कर नोटिस चस्पा कर इलाज संबंधित पूरी जानकारी मांगी गई है। अगर तीन दिन में जवाब नहीं दिया तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
झोलाछाप के इलाज से पहले भी जा चुकी है जान
झोलाछाप के इलाज से पहले भी कई मौतें हो चुकी हैं। पांच साल पहले विजयनगर में झोलाछाप के गलत इंजेक्शन लगाए जाने से एक गर्भवती महिला की मौत हो गई थी। विजयनगर में ही एक बच्चा और एक युवक भी झोलाछाप का शिकार बन चुके हैं। खोड़ा में बीते साल जुलाई में एक साल के बच्चे की गलत इंजेक्शन लगाने से मौत हो गई थी। इसके बाद भी विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा है।
गलत इलाज से हुईं मौतें
चार जनवरी 2024 : विजयनगर के सिद्धार्थ विहार कॉलोनी में जितेंद्र यादव (32) की मौत।
26 सितंबर 2023 : महरौली में किरायेदार 20 वर्षीय आकाश पांडेय की मौत।
दो अगस्त 2023 : लोनी में तीन वर्षीय बच्चे निर्भय की झोलाछाप के इलाज से मौत।
31 अगस्त 2023 : लोनी में महिला झोलाछाप के जबरदस्ती प्रसव कराने से शिशु की मौत, महिला का गर्भाशय फटा।
दो मई 2022 : मुरादनगर के रोरी में झोलाछाप के इलाज से बुजुर्ग लक्ष्मीनारायण की मौत।
28 जून 2018 : खोड़ा में 10 वर्षीय बच्चे की झोलाछाप के इलाज से मौत।