इंदिरापुरम। शक्तिखंड-4 स्थित चार मंजिला कैलाश मानसरोवर भवन की देखरेख अब जल्द ही पर्यटन विभाग करेगा। इसकी प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। विधायक सुनील शर्मा ने बताया कि पर्यटन विभाग के पास भवन की जिम्मेदारी आने के बाद से यहां के कमरों की बुकिंग शुरू हो जाएगी। इसके बाद आम लोग इस भवन का इस्तेमाल विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों और ठहरने तक के लिए कर सकेंगे।
वर्ष 2020 में 60 करोड़ रुपये की लागत से इंदिरापुरम के शक्तिखंड-4 में चार मंजिला कैलाश मानसरोवर भवन बनाया गया था। उसके बाद कोरोना काल में कैलाश मानसरोवर की यात्रा नहीं हो सकी जिसकी वजह से अब इस भवन का कोई प्रयोग नहीं हो सका है। भवन में में 280 लोगों के ठहरने की व्यवस्था है। इसमें 94 कमरे हैं एवं 188 कार पार्किंग की सुविधा है।
विधायक सुनील शर्मा के मुताबिक भवन के रखरखाव की समस्या को देखते हुए धर्मार्थ विभाग से पर्यटन विभाग को देने की तैयारी की जा रही है। जीडीए अधिशासी अभियंता प्रशांत गौतम का कहना है कि जल्दी ही पर्यटन विभाग को कैलाश मानसरोवर भवन सौंप दिया जाएगा। दूसरी ओर, पर्यटन विभाग को भवन का रखरखाव जाने के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा की अवधि के बाद लोग यहां कमरे बुक कर सकेंगे। पर्यटन विभाग स्वयं इसका रखरखाव अपने पास रख सकता है या किसी अन्य संस्था को लीज पर भी दे सकता है।
विधायक ने बताया कि जब कैलाश मानसरोवर की यात्रा आरंभ होगी, उनसे अलग दिनों में पर्यटन विभाग द्वारा इस भवन का प्रयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए करेगा। भवन को कॉन्फ्रेंस, मांगलिक कार्यक्रम, सेमिनार आदि करवाए जाने की छूट होगी। बता दें कि कैलाश मानसरोवर भवन को संचालित करने के लिए पूर्व में जीडीए को नोडल एजेंसी के रूप नियुक्त किया गया था। जिसे बाद में जीडीए अनुभव नहीं होने की बात कहकर मना कर दिया था।
इनसेट
यह मिलेंगी सुविधाएं
- कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान यात्रियों को आवासीय एवं खान-पान सेवा पर्यटन निगम द्वारा रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
- कैलाश मानसरोवर यात्रा अवधि में यात्रियों के उपयोग से अतिरिक्त कक्ष एवं अन्य सुविधाएं व्यवसायिक रूप से उपयोग की जा सकेंगी।
- कैलाश मानसरोवर भवन में शुद्ध एवं शाकाहारी व्यंजनों को ही परोसा जाएगा।
- कैलाश मानसरोवर भवन में निर्मित रेस्टोरेंट को भी व्यवसायिक रूप से इस्तेमाल किया जा सकेगा।
- कैलाश मानसरोवर यात्रा खत्म होने के बाद भी भवन का इस्तेमाल व्यवसायिक रूप से किया जा सकेगा लेकिन इसमें मांस-मदिरा का इस्तेमाल प्रबंधित होगा।
चार मंजिला है कैलाश मानसरोवर भवन
कैलाश मानसरोवर भवन एक चार मंजिला इमारत है। जहां अलग-अलग प्रकार के कमरे हैं। हर कमरे में अटैच बाथरूम , टीवी, फ्रिज, गोदरेज, बेड सोफा जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। यहां के बेसमेंट में एक साथ 85 कार की पार्किंग की जा सकती है जबकि स्टिल्ट फ्लोर पर 103 कार की पार्किंग है। यहां दो और चार कमरों वाले 92 कमरे मौजूद हैं । इसके अलावा यहां योगा सेंटर, मेडिटेंशन रूम, सेमिनार हॉल, किचन रिसेप्शन रूम आदि हैं।
भवन में कुल 94 कमरे हैं
प्रथम तल- 22 कमरे
द्वितीय तल- 24 कमरे, कैफे
तृतीय तल- 24 कमरे, योगा सेंटर
चौथा तल- 24 कमरे, मेडिटेशन कक्ष
कैलाश मानसरोवर भवन पर्यटन विभाग को रखरखाव के लिए हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है। जल्दी ही रखरखाव की जिम्मेदारी पर्यटन विभाग की होगी। एनपी सिंह, परियोजना प्रबंधक, यूपी राजकीय निर्माण निगम