गाजियाबाद। टास्क पूरा करने पर कमाई का झांसा देकर शातिरों ने दो लोगों से 3.11 लाख रुपये ठग लिए। रकम वापस नहीं मिली तो उन्हें ठगी का पता चला। दोनों मामलों में पीड़ितों ने साइबर सेल में शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराया है।
नवयुग मार्केट स्थित डीबीएस बैंक में तैनात नैंसी शर्मा ने बताया कि निवेश के बारे में इंटरनेट पर सर्च कर रही थीं। 21 मई को व्हाट्सएप पर मैसेज आया कि लाइक और रिव्यू कर घर बैठे कमाई कर सकती हैं। 150 रुपये देने के बाद उन्हें टेलीग्राम ग्रुप पर जोड़ा और 1.02 लाख रुपये जमा करा लिए। इसके बाद भी उनसे और रकम निवेश करने का दबाव बनाने लगे। ऐसे में उन्हें ठगी का अंदेशा हुआ तो साइबर सेल को शिकायत दी। छह दिन बाद उनके पास कॉल आई। कॉलर ने कहा कि तुमने शिकायत कर हमारा बैंक खाता बंद करा दिया है। शिकायत वापस ले लो, नहीं तो तुम्हारे साथ कोई हादसा हो जाएगा।
वहीं विजयनगर निवासी नरेंद्र प्रताप यादव से शातिरों ने 2.08 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने साइट को रिव्यू करने के पहले 100 रुपये देकर विश्वास में लिया फिर टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर अलग-अलग खातों में बार में रकम डलवा ली। एडीसीपी अपराध सच्चिदानंद का कहना है कि मामले में साइबर सेल की मदद से शातिरों को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।