गाजियाबाद। हापुड़ रोड के बाद अब आंबेडकर रोड पर पुराना बस अड्डे से चौधरी मोड़ तक ई-रिक्शा के सफर पर प्रतिबंध लगेगा। पुलिस ने इसके लिए रूपरेखा तैयार कर ली है। 12 सितंबर से आंबेडकर रोड पर ई-रिक्शा का संचालन बंद करने की तैयारी है। पुलिस का मानना है कि ई-रिक्शा की अधिक संख्या होने से मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित हो रहा है जिससे जाम की समस्या बनती है। इससे आंबेडकर रोड पर तुराबनगर के बाहर समेत कई स्थानों पर लोगों को जाम से राहत मिलेगी। ई-रिक्शा मुख्य मार्गों से हटाकर कॉलोनी व शहर के अंदरूनी रास्तों पर चलाने की अपील की जाएगी।
एडीसीपी यातायात पीयूष सिंह ने बताया कि शहर में मुख्य मार्गों पर ई-रिक्शा का संचालन बंद करके यातायात व्यवस्था में सुधार करने की योजना है। प्रथम चरण में हापुड़ रोड पर ई-रिक्शा का संचालन बंद करने से काफी हद तक यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है। जहां सुबह सात बजे से रात 10 बजे तक ई-रिक्शा का संचालन बंद किया गया है। वहीं, अब आंबेडकर रोड पर ई-रिक्शा का संचालन बंद किया जाएगा। इस संबंध में आठ सितंबर को अधिसूचना जारी की जाएगी। हापुड़ रोड पर पाबंदी के बाद भी ई-रिक्शा चलते मिले तो 53 ई-रिक्शा के चालान किए गए हैं, जबकि दूसरी बार पकड़े जाने वाले नौ ई-रिक्शा सीज किए गए हैं। इसी तरह आंबेडकर रोड पर भी नियम लागू होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।