बुलंदशहर। लॉकडाउन के चलते बंद चल रहे परिषदीय स्कूल अनलॉक वन होने पर खुल गए। आदेश है कि स्कूल में शिक्षक ही उपस्थित होंगे। लेकिन अधिकतर शिक्षक स्कूल न पहुंचकर लापरवाही बरत रहे हैं। ऐसे शिक्षकों को एबीएसए की ओर से नोटिस जारी जा रहे हैं। अब तक करीब 400 शिक्षकों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। सबसे अधिक नोटिस जहांगीराबाद ब्लॉक के शिक्षकों को दिए गए हैं। वहीं, दूसरी ओर लगातार जारी किए जा रहे नोटिस का शिक्षक नेता विरोध भी जता रहे हैं। अनलॉक वन में जनपद के परिषदीय स्कूलों को विगत आठ जून से खोल दिया गया था। आदेश जारी किया था कि स्कूल में शिक्षक ही पहुंचेंगे और वह बच्चों के नामांकन आदि काम पूरे करेंगे। लेकिन अधिकतर शिक्षक अभी तक भी स्कूल नहीं पहुंचकर बीएसए के आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं। ऐसे शिक्षकों को सभी १६ ब्लॉकों के एबीएसए की ओर से नोटिस जारी किए जा रहे हैं। बताया गया कि अभी तक करीब ४०० लापरवाह शिक्षकोंं को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। इसी तरह और भी ऐसे शिक्षकों को चिन्हित किया जा रहा है। दूसरी ओर यह भी बताया जा रहा है कि अधिकतर शिक्षक ऐसी जगहों पर फंसे हुए हंै, जहां पर संक्रमण के केस मिलने पर वहां कनटेमेंट घोषित कर दिया है। ऐसे में शिक्षक वहां फंस गए हैं। दूसरी ओर ट्रांसपोर्ट भी समय पर नहीं मिलने पर भी शिक्षक स्कूल नहीं पहुंच रहे हैं। इस पर एससी-एसटी बेसिक टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन की प्रांत कार्यकारिणी के सदस्य वेदप्रकाश गौतम ने बीएसए को ज्ञापन सौंपा है। वेदप्रकाश का कहना है कि बीएसए की ओर से शिक्षकों को लगातार नोटिस दिए जा रहे हैं शिक्षकों से अफसर सेल्फी मांग रहे हैं। शैक्षिक गुणवत्ता के बारे में भी रिपोर्ट कर रहेहैं। ऐसे में एबीएसए द्वारा नोटिस जारी करना शासनादेश का गलत इस्तेमाल है। उन्होंने बीएसए को दिए ज्ञापन में बीएसए आदि अफसरों पर शिक्षकों से अवैध वसूली के भी आरोप लगाए हैं। साथ ही शिक्षकों को जारी किए नोटिस भी निरस्त करने की मांग उठाई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखंड प्रताप सिंह का कहना है कि उक्त मामले में सभी एबीएसए से जानकारी प्राप्त की जाएगी। सभी शिक्षकों को स्कूल हरहाल में पहुंचना होगा। किसी भी शिक्षक को लापरवाही नहीं करने दी जाएगी।