एलोपैथी के डाक्टर व स्टाफ क्वारंटीन में, आयुर्वेद को नहीं मिली कोई सुविधा - सुंदरदीप में क्वारेंटीन कई लोग हो चुके हैं कोरोना संक्रमित - डाक्टरों ने आयुर्वेद अधिकारी को लिखा पत्र, आयुर्वेद अधिकारी ने सीएमओ से की व्यवस्था की मांग माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। अभी तक क्वारंटीन में मौजूद लोग ही अव्यवस्थाओं को लेकर उंगली उठा रहे थे, वहीं अब क्वारंटीन में ड्यूटी पर मौजूद आयुर्वेदिक चिकित्सक व अन्य स्टाफ भी सुविधाएं नहीं मिलने का आरोप लगाने लगे हैं। प्रांतीय आयुर्वेदिक एवं युनानी चिकित्सा सेवा संघ ने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं युनानी अधिकारी से सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की है। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी ने सीएमओ को मामले से अवगत कराया गया है। प्रांतीय आयुर्वेदिक एवं युनानी चिकित्सा सेवा संघ का कहना है कि कोविड-19 की ड्यूटी में विभागीय चिकित्सक व अन्य स्टाफ भी क्वारंटीन में रह रहे लोगों की देखभाल में लगा है। लेकिन चिकित्सकों व स्टाफ को जीवन रक्षक उपकरण पीपीई किट, मास्क, गलब्स के अलावा उनके अलग ठहरने की व्यवस्था व गुणवत्ता परक भोजन नहीं दिया जा रहा है। जिसे लेकर सभी चिकित्सक व स्टाफ में रोष व्याप्त है। व्यवस्थाएं नहीं होने से संक्रमण का खतरा बना रहता है। ऐसे में कोविड डयूटी कर पाना मुश्किल भरा है। वहीं यह भी जानकारी मांगी है कि कोविड ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को प्रदेश सरकार द्वारा 50 लाख रूपए का बीमा समान रूप से विभागीय चिकित्सकों व कर्मचारियों पर भी लागू है। सेवा संघ ने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी से समस्या निस्तारण की मांग की है। संघ का यह भी कहना है कि डासना चिकित्सा अधीक्षक सिर्फ दौरा करने जाते थे, लेकिन वह भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए थे, इसके अलावा सुंदरदीप में क्वारेंटीन किए गए कई मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। ---------------- सीएमओ को पत्र लिखकर कहा गया है कि आयुर्वेद डाक्टरों के लिए भी क्वारेंटीन की व्यवस्था की जाए, क्योंकि वह ज्यादातर मरीजों के संपर्क में रहते हैँ। ड्यूटी बदलने के बाद घर जाते हैं, ऐसे में उनके परिजनों के संक्रमण में आने की आशंका बनी है। इसके अलावा डाक्टरों के भोजन, मास्क सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। डा. अशोक कुमार राणा, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी -------------- आयुर्वेदिक अधिकारी यूनानी अधिकारी का पत्र मिला है। जो कमियां उन्हें दूर कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिन डाक्टरों को क्वारेंटीन करने की जरूरत होगी उन्हें करा दिया जाएगा। डा. एनके गुप्ता, सीएमओ --------------- आशुतोष यादव