साहिबाबाद। हिंडन एयरपोर्ट से अगस्त और आने वाले माह में प्रस्तावित किसी भी नए शहर के लिए उड़ान शुरू नहीं हो सकेगी। दरअसल डायल जीएमआर और एयरपोर्ट अथॉरिटी के बीच हिंडन से कमर्शियल ऑपरेशन शुरू करने का मामला दिल्ली हाईकोर्ट में चल रहा है। हाईकोर्ट ने फिलहाल मामले पर स्टे लगाया है। इसकी वजह से जब तक मामले की सुनवाई के बाद कोई फैसला नहीं आ जाता तब तक हिंडन एयरपोर्ट से कोई नई उड़ान शुरू नहीं की जाएगी।
एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना का कहना है कि वर्तमान में जिन शहरों के लिए यहां से उड़ान हैं, वह जारी रहेंगी। कोर्ट में मामला होने की वजह से हिंडन एयरपोर्ट से गोवा, कोलकाता, अयोध्या, इलाहाबाद, हैदराबाद ,लखनऊ जैसे शहरों के लिए शुरू होने वाली उड़ानों पर फिलहाल रोक लग गई है। जब तक यह स्टे नहीं हटता है हिंडन एयरपोर्ट से नई उड़ानें शुरू नहीं हो सकती हैं। एयरपोर्ट प्रभारी निदेशक मनीश गुप्ता ने बताया कि मामला कोर्ट में है और फैसला आने के बाद ही उच्च अधिकारी इस संबंध में कोई दिशा निर्देश जारी करेंगे, फिलहाल जो जिन शहरों की उड़ान है वह जारी रहेगी, अभी नई उड़ान शुरू नहीं होगी।
इनसेट :
स्टारएयर ने एयरपोर्ट एवं एयरफोर्स प्रबंधन को वॉच आवर्स बढ़ाने की मांग की
स्टार एयर के वाइज प्रेसिडेंट मनु आनंद ने बताया कि सुरक्षा कारणों से हम लोग हिंडन एयरपोर्ट से शाम छह बजे के बाद कोई फ्लाइट संचालित नहीं कर पाते। ऐसे में उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी से वॉच आवर बढ़ाने की मांग की है। वॉच आवर का मतलब फ्लाइट के ऑपरेशन के समय से है जो एयरपोर्ट अथॉरिटी तय करती है। मनु आनंद ने बताया कि स्टार एयर की आखिरी फ्लाइट हिंडन से नांदेड़ के लिए शाम को 2:15 बजे की है। यह फ्लाइट शाम 4:15 पर नांदेड़ पहुंचती है। नांदेड़ से यही फ्लाइट बंगलूरू के लिए शाम 4:45 पर रवाना होती है जो कि बंगलूरू शाम 6:05 बजे पहुंचती है।
उन्होंने बताया कि यदि डेढ़ घंटे का समय भी मिल जाए तो हिंडन एयरपोर्ट से डेढ़ घंटे की दूरी पर किसी दूसरे अन्य शहर के लिए भी स्टार एयर अपनी सेवाओं का विस्तार कर सकता है। इसलिए उन्होंने वॉच आवर बढ़ाने की मांग की है ताकि शाम छह बजे के बाद भी कोई फ्लाइट शुरू की जा सके। वर्तमान में हमारी सेवाएं हिंडन से अदमपुर, किशनगढ़ और नांदेड़ के लिए अच्छे से चल रही हैं।