गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर-पांच स्थित कामना सोसायटी में सोमवार दोपहर 3:30 बजे घर में खेलते हुए नौ महीने के मासूम कुल्लू उर्फ मितान की पानी से भरे बाल्टी में गिरने से मौत हो गई। इस दौरान बच्चे की मां घर के दूसरे कमरे में सो रही थी। सोकर उठने पर बच्चे की कोई आहट नहीं मिलने पर उन्होंने खोजबीन की तो बच्चा बाल्टी में मिला। वह बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार ने पुलिस कार्रवाई से इन्कार कर दिया।
बड़ा बेटा खेल रहा था घर से बाहर
मूलरूप से हरदोई के अतरौली गांव के रहने वाले मंजीत वैशाली में कामना सोसायटी में पत्नी और दो बेटों के साथ रहते हैं। सोमवार सुबह वह ड्यूटी पर चले गए थे। घर पर पत्नी और दो बच्चे थे। दोपहर साढ़े तीन बजे पत्नी काम करके सो रही थी, जबकि बड़ा बेटा घर के बाहर खेल रहा था। नौ महीने का कुल्लू उर्फ मितान खेलता हुआ बाथरूम में पहुंच गया। अचानक वह बाल्टी में भरे पानी में उल्टा गिर गया। काफी देर बाद बेटे की कोई हलचल नहीं होने पर मां की नींद खुल गई।
हादसे के बाद अस्पताल लेकर पहुंची मां
उन्होंने कुल्लू को बाल्टी में गिरा देखा तो उनकी चीख निकल गई। अपने रिश्तेदार के साथ बच्चे को लेकर वैशाली के एक निजी अस्पताल पहुंची। वहां से कौशांबी के यशोदा अस्पताल गए। दोनों स्थानों पर चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल गई थी। परिवार के लोग पुलिस कार्रवाई नही चाहते हैं। मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है।
बरतें सावधानी
- घर में छोटे-बच्चों के खेलने के दौरान बाल्टी या दूसरे सामान में पानी न भरें
- बाथरूम और शौचालय का दरवाजा हमेशा बंद रखें
- बच्चे की गतिविधियों पर हमेशा नजर रखें
- बच्चे के खेलने के दौरान यदि कोई जरूरी काम है तो दूसरे व्यक्ति को बच्चे की निगरानी के लिए रखें
- बच्चे को कभी भी अकेला नहीं छोड़ें