लड़की से दोस्ती तोड़ो या धर्म परिवर्तन कराओ : राजनगर के किशोर ने बद्दो को बताया कि एक लड़की से उसकी दोस्ती है। पुलिस का कहना है कि इस पर बद्दो आग बबूला हो गया था। उसने किशोर से कहा कि इस्लाम में इसकी इजाजत नहीं है। दूसरे मजहब की लड़की से दोस्ती नहीं करनी चाहिए। अगर तुम उससे दोस्ती रखना चाहते तो पहले उसे भी इस्लाम धर्म कुबूल कराओ। इस पर किशोर ने दोस्त से पूछा लेकिन उसने साफ इन्कार कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस किशोरी से पूछताछ कर चुकी है। उसने इस जानकारी को सही बताया है।
विदेश भागने की फिराक में है बद्दो, छह दिन में बदल चुका 10 ठिकाने
पुलिस को जानकारी मिली है कि शाहनवाज उर्फ बद्दो विदेश भागने की फिराक में है। इस पर मुंबई एयरपोर्ट पर अलर्ट किया गया है। उसके पासपोर्ट को भी निरस्त कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गाजियाबाद पुलिस की टीम उसे दो जून से महाराष्ट्र में तलाश रही है। छह दिन में वह 10 ठिकाने बदल चुका है। उसने इस बीच मोबाइल में पांच सिम कार्ड भी बदले हैं। इसके बाद वह इंटरनेट कॉलिंग कर रहा है। पुलिस उसकी तलाश में ठाणे, नवी मुंबई और सोलापुर में दबिश दे चुकी है। पुलिस ने बताया कि वह 12वीं पास है लेकिन ऑनलाइन गेमिंग का मास्टर है। परिवार में बड़े भाई और मां हैं। पिता की मौत हो चुकी है। पिता ने दो शादी की थी।
संजयनगर मस्जिद की कमेटी भी रडार पर
संजयनगर मस्जिद की 15 सदस्य कमेटी भी पुलिस के रडार पर है। पुलिस सदस्यों के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है। कमेटी के पूर्व सदस्य अब्दुल रहमान को जेल भेजा जा चुका है। धर्म परिवर्तन करने वाला किशोर इसी मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए जाता था। पुलिस का मानना है कि मस्जिद कमेटी के सदस्यों को भी इसकी जानकारी होगी। हो सकता है कि उनके तार भी बद्दो के गिरोह से जुड़े हों।
आयोग ने मांगी एप की जांच रिपोर्ट
राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो ने इलेक्ट्राॅनिक एवं आईटी मंत्रालय के सचिव को पत्र लिखकर धर्म परिवर्तन मामले में इस्तेमाल की गई गेमिंग एप फोर्ट नाइट और डिस्कॉर्ड की जांच रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने 10 दिन में दोनों एप पर की गई कार्रवाई के संबंध में भी रिपोर्ट मांगी है।
डीसीपी नगर निपुण अग्रवाल ने बताया कि बद्दो की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। एयरपोर्ट पर भी अलर्ट कराया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।