गाजियाबाद। नए सर्किल रेट इसी सप्ताह जारी किए जा सकते हैं। प्रस्तावित रेट पहले ही जारी हो चुके हैं। इन पर आईं कुल 49 आपत्तियों का निस्तारण भी कर लिया गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि नए सर्किल रेट जारी होने से पहले मंगलवार और बुधवार को बड़ी संख्या में बैनामे हो सकते हैं।
प्रशासन की ओर से पार्क टाउन अर्बन होम्स वेव सिटी और आदित्य वर्ल्ड सिटी को छोड़कर अन्य सभी जगहों के लिए 10 से 20 फीसदी सर्किल रेट बढ़ाने का प्रस्ताव दिया गया था। पार्क टाउन अर्बन होम्स, वेव सिटी और आदित्य वर्ल्ड सिटी में तीन गुना तक सर्किल रेट बढ़ाने का प्रस्ताव है। इसके पीछे प्रशासन की ओर से दलील दी गई है कि यहां पहले से ही जमीन काफी महंगी हो चुकी है। कई जगह तो एक लाख रुपये प्रति वर्ग गज में प्लाट मिल रहे हैं, जबकि सर्किल इसका चौथाई भी नहीं है।
खास बात यह है कि जहां सबसे ज्यादा सर्किल रेट बढ़ाया जाना प्रस्तावित है, वहां से आपत्तियां न के बराबर आई हैं। शाहपुर निजमोरटा, इनायतपुर, शाहपुर मोरटा, भिक्कनपुर, दुहाई, ईशापुर, कुशलिया के किसानों ने सर्किल रेट पर आपत्ति दर्ज कराई। एआईजी स्टांप पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि जितनी भी आपत्तियां आई हैं, उन पर साक्ष्यों के आधार पर उनका निस्तारण किया गया है। अंतिम निर्णय जिलाधिकारी करेंगे उसके बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी।