साहिबाबाद। झंडापुर में दिवाली की रात लगभग साढ़े दस बजे गंधक-पोटाश के मिश्रण में किए गए धमाके से अफजल (35) की जान चली गई। इसका आरोप उसके पड़ोसी प्रदीप (30) पर है। एफआईआर में बताया गया है कि दोस्तों के कहने पर प्रदीप ने लोहे की नाल में मिश्रण भरकर अफजल के पीछे की तरफ धमाका किया। इससे वह जमीन पर गिर पड़ा और नस फट जाने से उसकी जांघ से खून का फव्वारा छूट पड़ा। परिजन उसे अस्पताल ले गए। चिकित्सक ने बताया कि खून ज्यादा बह जाने से उसकी मौत हो गई।
लिंक रोड थाने में घटना की एफआईआर मोती की पत्नी अनेश ने दर्ज कराई है। झंडापुर में अफजल उनके ही मकान में 20 साल से किराये पर रह रहे थे। अनेश ने एफआईआर में बताया है कि पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में रिकाॅर्ड हुआ है। इससे देखने से पता चलता है कि रविवार को दिवाली की रात गली में लोग पटाखे फोड़ रहे थे। अफजल आतिशबाजी देखने के लिए वहां गया था।
पड़ोस में रहने वाला प्रदीप गंधक और पोटाश का मिश्रण भरकर लोहे की नाल को जमीन पर जोर से मार रहा था। इससे तेज धमाका हो रहा था। पास खड़े उसके दोस्त धमाका होते ही जोर से शोर मचा रहे थे। तभी एक दोस्त ने इशारों में कहा कि एक धमाका अफजल के नजदीक करे। अफजल प्रदीप का दोस्त था।
प्रदीप ने इशारा समझकर नली में गंधक और पोटाश भरी। इसके बाद चुपचाप अफजल के पीछे की तरफ गया। उसके नजदीक आकर पैर के पास उसने बड़ी जोर से नाल को जमीन पर दे मारा। जोर की आवाज के साथ तेज धमाका हुआ और अफजल जमीन पर गिरा पड़ा।
लोग मजाक समझते रहे अफजल की जान चली गई
फुटेज देखने से पता चलता है कि धमाके के बाद जब अफजल जमीन पर गिर गया तो लोगों को जरा भी अहसास नहीं हुआ कि वह बुरी तरह से जख्मी हो चुका है। लोग ऐसे हंस रहे थे जैसे अफजल धमाके की वजह से न गिरा हो बल्कि गिरने का नाटक कर रहा हो। उन्हें लग रहा था कि वह मजाक कर रहा है। कुछ देर तक वह नहीं उठा तो लोगों ने नजदीक जाकर देखा। उसकी जांघ से बहुत तेजी से खून बह रहा था। वह लगभग बेहोशी की हालत में था और कुछ बोल नहीं पा रहा था। यह देख लोग उसे जिला अस्पताल ले गए लेकिन जान नहीं बच सकी। उसकी मौत का पता चलते ही प्रदीप और उसके परिवार के सदस्य घर पर ताला लगाकर चले गए। पुलिस पहुंची तो घर पर ताला लटका मिला।
अकेला रहता था
अनेश ने बताया कि मूलरूप से झारखंड के देवघर का निवासी अफजल अकेला रहता था। वह किसी भी फैक्टरी में मजदूरी का छोटा-मोटा काम कर लेता था। उसकी माता-पिता की मौत हो चुकी है। उधर, प्रदीप के बारे में पुलिस का कहना है कि उसके खिलाफ पहले से और भी केस दर्ज होने की जानकारी मिली है। इसे तसदीक कराया जा रहा है।
आरोपी की तलाश
एसीपी साहिबाबाद भास्कर वर्मा ने बताया कि इस मामले में गैर इरादतन हत्या की धारा 304 के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।