गाजियाबाद। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा में बढ़ी अंतर्कलह से ध्यान भटकाने के लिए दुकानों पर दुकानदारों के नाम लिखवाए जा रहे हैं। प्रदेश और देश में महंगाई चरम पर है। कोई भी परीक्षा होने से पहले ही प्रश्नपत्र लीक हो रहे हैं। अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। इन तमाम कमियों से मुंह छुपाने के लिए भाजपा के मंत्री और विधायक नए-नए शिगूफे गढ़ रहे हैं। जबकि हर कोई मौजूदा सरकार से त्रस्त है। अजय राय विजयनगर में जेकेजी में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए शनिवार को आए थे। शनिवार को कार्यक्रम में हिस्सा लेने के दौरान अजय राय ने कहा कि कांवड़ यात्रा और सावन का पर्व आपसी सौहार्द का प्रतीक है। इसमें काफी संख्या में मुस्लिम समुदाय से जुड़े लोग कांवड़ शिविर का आयोजन करते हैं। लेकिन भाजपा सरकार दुकानदारों को लक्ष्य बनाकर समाज में वैमनस्यता बढ़ा रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में होने वाले विधानसभा के उपचुनाव में सभी दस सीटों पर गठबंधन प्रत्याशियों को जीत होगी। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष विनीत त्यागी, सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।