गाजियाबाद में गंगनहर पटरी मार्ग पर अबूपुर गांव स्थित रेगुलेटर के समीप मंगलवार दोपहर झाड़ियों से एक छह वर्षीय बच्ची का शव मिला। बच्ची के कपड़े अस्त व्यस्त थे और उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। बच्ची के चेहरे पर नीला रंग पुता हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुष्कर्म के बाद किसी ने बच्ची की हत्या कर शव फेंका है। बच्ची के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
एसीपी मोदीनगर रितेश त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार दोपहर गंगनहर पटरी मार्ग पर बच्ची का शव पड़ा होने की सूचना मिली। थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। फोरेंसिक और क्राइम ब्रांच की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। काफी प्रयास के बाद भी बच्ची की शिनाख्त नहीं हो सकी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्ची के माथे, सिर तथा गले पर चोट के निशान थे। ऐसा लगा जैसे शव को कपड़े में बांधकर फेंका गया हो। पुलिस फिलहाल बच्ची की शिनाख्त का प्रयास कर रही है।
गंगनहर के किनारे पड़ा था बच्ची का शव
बच्ची का शव भागीरथी रेगुलेटर से पचास कदम की दूरी पर गंगनहर के एकदम किनारे पड़ा हुआ था। पास से तेज बहाव के साथ जलधारा बह रही थी। ऐसे में अगर वहां जरा भी हलचल होती तो शव नहर में बह जाता।
एसीपी रितेश त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण पता लगेगा। पुलिस टीमों का गठन कर बच्ची की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।