गाजियाबाद। शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे अवैध होर्डिंग पर नगर निगम अभियान चलाकर कार्रवाई करेगा। नियम-कायदों को ताक पर रखकर हर सड़क-चौराहे पर टंगे होर्डिंग और विज्ञापन हादसों का सबब बन रहे। इन होर्डिंग को लेकर महापौर और नगर आयुक्त ने कार्रवाई के आदेश दिए हैं। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र मे लगभग 260 होर्डिंग लगाने की अनुमति है, लेकिन हर कदम पर अवैध होर्डिंगों की भरमार देखी जा सकती है। आंबेडकर रोड के मालीवाड़ा, कालका गढ़ी चौराहे के अलावा कलक्ट्रेट के सामने, लोहिया नगर, विजयनगर और मोहननगर जोन में विज्ञापन माफिया सक्रिय हैं, जिनकी लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने बताया कि अवैध विज्ञापनों को हटाने के लिए नगर निगम की ओर से अभियान चलाया जाएगा। जहां पहले अवैध होर्डिंग को चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद उन पर नियमानुसार कार्रवाई के साथ जुर्माने भी लगाया जाएगा।