साहिबाबाद। अर्थला के बालाजी विहार स्थित विसर्जन स्थल पर गुरुवार सुबह सफाई करने पहुंचा नगर निगम का वाहन अचानक पलट गया। मूर्तियों को विसर्जन स्थल से निकालकर ट्रॉली में रखा जा रहा था। मूर्ति की ऊंचाई और वजन अधिक होने के कारण वाहन पलट गया। हालांकि, हादसे के दौरान किसी के चोटिल होने की सूचना नहीं है। स्थानीय सुपरवाइजर सूरज ने बताया कि विसर्जन स्थल की सफाई कराने का काम सुबह से शुरू किया गया था। इस दौरान मूर्ति निकालते हुए वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। वहीं, अचानक हुई घटना से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासी रुद्र सिंह ने बताया कि विसर्जन स्थल पर पिछले एक सप्ताह से गंदा पानी जमा था। इसकी शिकायत नगर निगम से की गई थी। इसके बाद सफाई के लिए वाहन भेजा गया, लेकिन काम शुरू होते ही यह हादसा हो गया। वहीं, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश ने बताया कि मूर्तियां काफी भारी थीं, इसके चलते यह हादसा हुआ।