गाजियाबाद। रेरा के बकायेदार बिल्डर्स पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर के नौ बड़े बिल्डर्स की चल-अचल संपत्तियों की नीलामी की जाएगी। इसके लिए 16 अक्तूबर और छह नवंबर की तारीख तय की गई है। एक अक्तूबर को रेरा प्राधिकरण के लंबित वसूली मांग पत्रों की समीक्षा बैठक हुई थी। इसमें जिलाधिकारी ने 62 बकायेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जिन बिल्डर्स ने बकाया जमा नहीं कराया, उनकी संपत्तियों की कुर्की की जाएगी। नीलामी शाहपुर बम्हैटा, इंदिरापुरम, वसुंधरा और वैशाली सहित अन्य स्थानों के प्रोजेक्ट पर होगी। मुख्य बकायेदारों में सारे समग रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड, प्रतीक रियलटर्स, साल्विया इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड, एमकेएस इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड, एसकेजी होम्स प्राइवेट लिमिटेड, साया होम्स, वीएक्स एल रियलटर्स प्राइवेट लिमिटेड और स्टार एमडी रियलकॉन प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।