मोदीनगर। नगर की हीरा एंक्लेव में घरेलू सहायिका और उसके परिजनों द्वारा कपड़ा कारोबारी के घर से 15 लाख रुपये की नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने सहायिका की मां किरण को भी गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी और उसका भाई अभी फरार है। आरोपी सहायिका का पति एक दिन पूर्व ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
हीरा एंक्लेव निवासी अंशुल और उनकी पत्नी सोनिया धामा कपड़ा कारोबारी हैं। मेरठ के रोहटा रोड निवासी सम्मी बग्गा उनके यहां घरेलू सहायिका है। अंशुल और परिवार के सभी लोग जयपुर गए थे। इसी बीच घरेलू सहायिका ने अपने पति कपिल और अन्य सदस्यों के साथ मिलकर घर में रखी 15 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली थी। पुलिस टीमें घटना के खुलासे में लगी थी। पुलिस ने मंगलवार को घरेलू सहायिका के पति कपिल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.19 लाख रुपये बरामद किए थे। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि टीम ने बुधवार सुबह सम्मी बग्गा की मां किरण को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 19 हजार रुपये की नकदी बरामद की। अभी सम्मी बग्गा और उसका भाई हनी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस दोंनाें की तलाश में दबिश दे रही है।