मोदीनगर। हरिद्वार से तीन साल की बेटी अनन्या के साथ कांवड़ लेकर आ रही दिल्ली निवासी कविता बृहस्पतिवार सुबह सड़क हादसे में घायल हो गई। मासूम अनन्या की कलाई ट्रक के पहिए के नीचे आ गई। घायल मां-बेटी को एंबुलेंस सेवा नहीं मिली। राहगीर ने घायल मां बेटी को स्कूटी से एमएमजी छोड़ा। इस दौरान बच्ची के हाथ से खून बहता रहा। बच्ची की गंभीर हालत के चलते उसे एमएमजी से जीटीबी रेफर कर दिया गया है। दिल्ली स्थित नरेला निवासी कविता अपनी तीन साल की बेटी अनन्या के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रही थीं। बृहस्पतिवार सुबह जैसे ही मोदीनगर पहुंची तो एक ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसे में अनन्या के हाथ पर ट्रक का पहिया चढ़ गया, जिसके चलते उसकी कलाई बाजू से लगभग अलग हो गई तथा कविता भी घायल हो गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। मौजूद लोगों ने एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन फोन नहीं मिला। इसके बाद उधर से गुजर रहे एक स्कूटी सवार ने घायल मां-बेटी को एमएमजी अस्पताल छोड़ा। चिकित्सकों ने घायल मां-बेटी का उपचार किया। बच्ची अनन्या की गंभीर हालत को देखते हुए जीटीबी रेफर कर दिया गया। एमएमजी के सीएमएस डॉ. मनोज चतुर्वेदी ने बताया कि बच्ची की कलाई का लिंगामेंट टूट गया था, जिसका उपचार अस्पताल में संभव नहीं था इसलिए बच्ची को रेफर किया गया है। मां को मामूली चोटें थीं, उन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया। एसीपी का कहना है कि पीड़ित पक्ष की ओर से घटना की तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।