मोदीनगर। नवरात्र में एक बार फिर कुट्टू का आटा सेहत के लिए खतरनाक साबित हुआ। मोदीनगर, निवाड़ी और भोजपुर में इससे बनी पकौड़ी खाने से 100 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई। 88 को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य का घर पर ही उपचार चल रहा है। इनमें ज्यादातर परिवारों ने मोदीनगर स्थित विपिन उपभोक्ता भंडार से आटा खरीदा था। पुलिस ने उसके दुकानदार को हिरासत में ले लिया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ( एफएसडीए) ने उसकी दुकान से आटे के नमूने लिए हैं। वह पिछले चार दिनों में पांच क्विंटल से ज्यादा आटा बेच चुका था। दुकान से 145 किलो आटा जब्त किया गया है। आशंका है कि आटा काफी पुराना और मिलावटी होने की वजह से फूड प्वाइजनिंग हुई। मरीजों को उल्टी-दस्त के साथ शरीर में कंपकंपी हुई। इसकी पहली शिकायत
पहली शिकायत डबाना गांव से आई। यहां मनोज के परिवार के दस लोगों को एक साथ उल्टी-दस्त लग गए और शरीर में कंपकंपी छूटने लगी। ये लोग बुधवार रात 12 बजे निजी अस्पताल पहुंचे। थोड़ी ही देर में यहां निवाड़ा के सौंदा गांव के महावीर सिंह, पत्नी रणजीता और परिवार के सदस्य अमित व बाली पहुंच गए। बृहस्पतिवार का सूरज निकलते-निकलते फिरोजपुर, नंगलामूसा, शेरपुर, डिडौली, उजैड़ा और भोजपुर के गांव अमराला, कलछीना, नगर की विश्वकर्मा बस्ती, संजयपुरी, हरमुखपुरी और धर्मपुरी से फूड प्वाइजनिंग के मामले आने लगे।
मुरादनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ( सीएचसी ) पर मरीजों की लाइन लग गई। मोदीनगर सीएचसी और गाजियाबाद के संयुक्त जिला अस्पताल के साथ निजी अस्पतालों में भी मरीज भर्ती कराए गए। बुधवार रात से बृहस्पतिवार की शाम तक मरीजों के आने का सिलसिला चलता रहा। एसडीएम शुभांगी शुक्ला ने बताया कि कलछीना,अमराला, सौंदा, डबाना आदि कई स्थानों से लोगों का स्वास्थ्य खराब होने के बाद उन्हें उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बीमार लोगों ने कुट्टू के आटे से बने पकवान का सेवन किया था।
कलछीना में 15 की हालत खराब
कलछीना गांव के अमित ने बताया कि बुधवार को व्रत खोलने में परिवार में सभी ने कुट्टू से बनी पकौड़ी और पूड़ी खायी थी। पात में पहले बड़ी बेटी माही की तबीयत बिगड़ी। उसे डाक्टर के पास लेकर पहुंचे ही थे कि छोटी बेटी को उल्टी-दस्त लग गए। उसे भी भर्ती कराया गया। गांव के 15 लोग फूड प्वाइजनिंग के शिकार हुए हैं। सभी को भर्ती कराना पड़ा है। सबने कुट्टू के आटे से बने पकौड़ी और पूड़ी खायी थी।
तीन दिन तक लगेगा शिविर
सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार ने बताया कि तीन दिन तक मोदीनगर और मुरादनगर ब्लॉक में शिविर लगाया जाएगा। सभी गांवों में मुनादी भी करा दी गई है कि अगर किसी भी घर में कोई बीमार व्यक्ति हो तो इसकी सूचना दें। आशाओं और सीएचओ को भी इस काम में लगाया गया है।
मिलावट का है संदेह
जिला अभिहित अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि कुट्टू का आटा पुराना होने और इसमें चावल की किनकी की मिलावट का संदेह है। नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होगी। अगर यह खाने के लिए असुरक्षित पाया जाता है तो केस दर्ज कराया जाएगा। दोष सिद्ध होने पर उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान है।
अस्पताल भर्ती मरीज
संयुक्त जिला अस्पताल 14
सीएचसी मुरादनगर 17
सीएचसी मोदीनगर 12
जीवन हॉस्पिटल, मोदीनगर 27
स्पर्श हॉस्पिटल, मोदीनगर 10
शकुंतला हॉस्पिटल, मोदीनगर 02
हरदेव सिंह मेमो. हॉस्पिटल, मोदीनगर 06
लोगों की जान पर बनी, तब अफसरों की नींद खुली
नवरात्र से पहले एक भी दुकान से नहीं लिए गए कुट्टू के आटे के नमूने
मोदीनगर क्षेत्र में कुट्टू के आटे से बनी पकौड़ी खाने से बीमार पड़े 100 से ज्यादा लोगों की जान पर बन आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ( एफएसडीए ) के अफसरों को अपनी जिम्मेदारी याद आई। मरीज अस्पताल में भर्ती हो चुके थे, तब एफएसडीए की टीम आटे के नमूने लेने के लिए पहुंची। इससे पहले न तो किसी दुकान से नमूने लिए गए और न ही यह देखा गया कि कुट्टू का पुराना आटा तो नहीं बेचा जा रहा है। यह हाल तब है जबकि पिछले नवरात्र में लिए गए कुट्टू के आटे के नमूने फेल हो चुके हैं। इसके बावजूद फूड प्वाइजनिंग का बड़ा मामला आने तक अफसर हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे।
बृहस्पतिवार की दोपहर आनन फानन चार टीमें बनाकर इंदिरापुरम, मोदीनगर और मुरादनगर में दुकानों पर छापे मारे गए। चार दुकानों से छह नमूने लिए गए हैं। लापरवाही का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि छह महीने में विभाग की ओर से कुट्टू के आटे के मात्र 15 सैंपल लिए गए हैं।
15 नमूने लिए, आठ हो गए फेल
पिछले नवरात्र में 26 सितंबर से तीन अक्तूबर के बीच एफएसडीए की टीम ने जिले में अभियान चलाकर कुट्टू के आटे के 15 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे थे। इनमें आठ नमूने फेल पाए गए थे। सभी में चावल के टुकड़े पाए गए थे। जिन दुकानों के नमूने फेल पाए गए थे, उनके खिलाफ विभाग की ओर से संबंधित कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया गया है।