मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में बजरंग दल के प्रखंड संयोजक विशाल उर्फ एकॉन रायकोटी की हत्या करने के बाद भागे आरोपी बिलाल और अतुल शर्मा को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। भोजपुर थानाक्षेत्र में ढेला नदी के पास मंगलवार सुबह हुई मुठभेड़ में बिलाल और अतुल को टांग में गोली लगी हैं। जबकि इस दौरान एक दरोगा भी घायल हो गया। घायलों को भोजपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी ने भी मौका मुआयना किया। डीआईजी ने एक दिन पहले ही दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
ठाकुरद्वारा के शांति नगर वाल्मीकि बस्ती निवासी बजरंग दल के प्रखंड संयोजक विशाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय वह अपने निर्माणाधीन मकान को देखने के लिए जा रहा था। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिये हत्यारोपी की पहचान पसियापुरा पदार्थ निवासी बिलाल के रूप में हुई थी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर बिलाल, कमालपुरी निवासी अतुल शर्मा और गोलू माफिया के खिलाफ केस दर्ज किया था।
सोमवार को पुलिस ने गोलू को गिरफ्तार कर लिया था। डीआईजी शलभ माथुर ने हत्यारोपी बिलाल और अतुल शर्मा पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। संदीप कुमार मीना ने बताया कि मंगलवार सुबह बिलाल और अतुल शर्मा भोजपुर क्षेत्र में ढेला नदी के पास मौजूद थे। पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो दोनों फायरिंग कर भागने लगे।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। जिसमें बिलाल और अतुल की टांग में गोली लगी और मौके पर ही गिर गए। इस दौरान भागदौड़ में एक दरोगा सड़क पर गिरकर घायल हो गया। दोनों बदमाशों और दरोगा सोहनपाल सिंह को भोजपुर स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी हेमराज मीना ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद अस्पताल पहुंचकर बदमाशों से पूछताछ की।