फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: मॉडल रोड की योजना में फिर होगा संशोधन

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (अर्बन) के तहत मॉडल रोड परियोजना में एक बार फिर संशोधन किया जा रहा है। संशोधित प्रस्ताव तैयार कर नगर निगम शासन को भेजेगा। पहले चरण में दो सड़कों पर काम शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।
विज्ञापन

अर्बन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर एजेंसी (यूरिडा ) और नगर निगम के निर्माण विभाग की तरफ से संयुक्त सर्वे किया गया है। पहले जिन सड़कों को परियोजना में शामिल किया गया था, उनमें से एक शेषनाग द्वार से हिंडन एयरफोर्स स्टेशन को जोड़ने वाली सड़क को मॉडल रोड परियोजना की सूची से बाहर कर दिया गया था। दरअसल, इस सड़क पर जल निगम की बड़ी सीवरलाइन होने के कारण उसे शिफ्ट नहीं किया जा सकता। ऐसे में वैकल्पिक तौर पर कुछ नई सड़कों का सर्वे कर उन्हें परियोजना में शामिल करने की तैयारी है। इसका प्रस्ताव बनाया जा रहा है। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शेषनाग द्वार से एलिवेटेड रोड और हिंडन एयरफोर्स स्टेशन चौराहे से मोहननगर चौराहे को जोड़ने वाली दो सड़कों का काम पहले चरण में करने की योजना है। इसके अलावा हिंडन मेट्रो स्टेशन से एलिवेटेड रोड चौराहा, मोहननगर चौराहे से डाबर तिराहा होकर आनंद विहार, एलिवेटेड रोड से राजनगर एक्टेंशन तक, आंबेडकर रोड को भी मॉडल रोड के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे शासन के समक्ष भेजने की तैयारी है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि शासन से अनुमति के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी। नगर निगम अपने स्तर पर परियोजना को गति देने के लिए प्रयासरत है।

अब बजट के लिए भी जद्दोजहद
सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत पिछले बजट में 800 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था, जिसमें से 100 करोड़ रुपये गाजियाबाद नगर निगम को इस परियोजना की पहली किश्त के रूप में मिलने थे। चुनाव के कारण योजना आगे नहीं बढ़ पाई और न ही सरकार से बजट मिल पाया। अब नगर निगम बजट के लिए फिर से जद्दोजहद करेगा। जिन सड़कों को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाना है, उनमें सड़कों को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। साथ ही, इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भी इन सड़कों पर होगा, इनके लिए ई बस शेल्टर भी यहां बनाए जाएंगे। चारों सड़कों पर साइकिल ट्रैक और पैदल राहगीरों के लिए फुटपाथ भी बनाए जाएंगे।
विज्ञापन

-
आंबेडकर रोड के कायाकल्प की योजना
इसी परियोजना के तहत आंबेडकर रोड पर जाम से निपटने के लिए नगर निगम वन-वे यातायात की योजना बना रहा है। बस अड्डे से चौधरी मोड़ की तरफ वाहन जा सकेंगे। वापसी के लिए वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करना होगा। आंबेडकर रोड पर शहर का सबसे बड़ा शॉपिंग हब होने के कारण इस मार्ग पर पैदल चलने को बढ़ावा दिया जाएगा।
शासन स्तर से इस बात पर जोर दिया जा रहा है, इस परियोजना के तहत चुनी गई सड़कों पर यातायात का दबाव कम किया जाए। इसके लिए लगातार योजना में कई बदलाव भी किए गए हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें