गाजियाबाद। लॉकडाउन में ऑनलाइन गतिविधियां बढ़ने के साथ हैकर्स सक्रिय हो गए हैं। गाजियाबाद में पहली बार लॉकडाउन के बीच महानगर के सबसे बड़े एमएमएच डिग्री कॉलेज की वेबसाइट पर हैकर्स का हमला हुआ। वेबसाइट हैक होने से दो दिनों तक एमएमएच कॉलेज की वेबसाइट ऑनलाइन प्लेटफार्म से ही गायब रहीं। वेबसाइट हैक होने से कॉलेज की ओर से उपलब्ध कराई गई ऑनलाइन सामग्री भी विद्यार्थी नहीं देख सके। वेबसाइट के हैक होने की सूचना पर कॉलेज प्रशासन हरकत में आ गया। कॉलेज प्रशासन ने सॉफ्टवेयर डेवलपर से संपर्क कर हैक की गई वेबसाइट को रिकवर करने पर काम शुरू किया। हैकर्स वेबसाइट को शुरू करने के लिए नए पेज बनाने में जुटे हुए हैं। शहर में किसी डिग्री कॉलेज की वेबसाइट के हैक होने का यह पहला मामला है। सीसीएसयू के निर्देश पर महानगर के साथ संबद्ध सभी डिग्री कॉलेजों की ओर से परास्नातक सेमेस्टर कोर्सेज के विद्यार्थियों को वेबसाइट व अन्य माध्यमों से स्टडी मैटेरियल मुहैया कराया जा रहा है। एमएमएच कॉलेज में भी पीजी के विभिन्न कोर्सेज के विद्यार्थियों की ऑनलाइन क्लासेज चल रही हैं। कई शिक्षकों ने वेबसाइट पर पाठ्य सामग्री मुहैया कराई है तो तमाम शिक्षक ऑनलाइन जूम एप से क्लासेज, वाट्सएप व अन्य माध्यमों से विद्यार्थियों को स्टडी मैटेरियल उपलब्ध करा रहे हैं। इसी बीच एमएमएच डिग्री कॉलेज की वेबसाइट को 10 अप्रैल को हैक कर लिया गया। वेबसाइट हैक होने पर कॉलेज का वेबपेज की ऑनलाइन प्लेटफार्म से गायब हो गया। इसकी 11 अप्रैल को सूचना मिलने पर कॉलेज प्रशासन ने सॉफ्टवेयर डेवलपर के माध्यम से वेबसाइट पर मौजूद शैक्षिक व कॉलेज गतिविधियों के साथ संबंधित डाटा को रिकवर करना शुरू किया। कॉलेज प्राचार्य डा. एमके जैन ने बताया कि कॉलेज वेबसाइट को हैक किया गया है। कॉलेज वेबसाइट पर डाला गया सभी डाटा पैनड्राइव में भी सेव किया जाता है। ऐसे में डाटा को लेकर समस्या नहीं आएगी। सॉफ्टवेयर डेवलपर इस पर काम कर रहा है। जल्द वेबसाइट शुरू होने के साथ उसे और पुख्ता बनाया जाएगा।