साहिबाबाद। कोतवाली क्षेत्र में दो दिन से गुमशुदा 15 साल की किशोरी को पुलिस ने शनिवार सुबह पड़ोसी युवक के घर से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस जांच में आया कि किशोरी को काॅलोनी की महिला बहला-फुसलाकर घर के बाहर से ले गई थी। उसने युवती को अपने परिचित युवक के साथ कमरे में बंद कर दिया। पुलिस ने युवक और महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
एसीपी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि कॉलोनी में रहने वाली समुदाय की महिला ने शिकायत दी थी कि उनकी 15 साल की बेटी को पड़ोसी की महिला बहला-फुसलाकर साथ ले गई है। पुलिस ने महिला और किशोरी की तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। टीम ने सर्विलांस और अन्य तरीके से जांच तेज की। किशोरी की मां ने पड़ोस की महिला के अलावा उसके परिचित युवक पर शक जाहिर किया तो टीम ने सर्विलांस लोकेशन की मदद से शनिवार सुबह किशोरी को बरामद कर लिया।
महिला ने उनकी बेटी को युवक के कमरे में रखा हुआ था। एसीपी के मुताबिक, महिला और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों अलग समुदाय के हैं। किशोरी का मेडिकल कराया गया है। रिपोर्ट आने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।