साहिबाबाद। बाइक सवार बदमाशों ने लाजपत नगर में रहने वाली महिला से चेन छीन ली। ऑक्सीहोम सोसायटी के पास बदमाश महिला का बैग छीन कर भाग गया। वैशाली मेट्रो स्टेशन के पास बदमाशों ने युवक से फोन छीन लिया। तीनों पीड़ितों ने संबंधित थानों में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सुचित्रा पत्नी अनूप चंद्रन निवासी लाजपत नगर ने बताया कि वह अपनी बेटी अनुश्री को डांस सिखाने ले गई थीं। डांस क्लास के बाद वह अपनी बेटी के साथ घर की तरफ आ रहीं थीं। रास्ते में सेंट थामस स्कूल के सामने पहुंचते ही बाइक सवार बदमाश उनके पास आकर रुके। बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली। घटना को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। उन्होंने साहिबाबाद थाने में बुधवार को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरी ओर भोपुरा मार्ग पर अज्ञात युवक घर जा रही महिला से बैग छीन ले गया। पीड़िता मंजू पत्नी विजय निवासी कृष्णा विहार कुटी ने बताया कि वह ऑक्सीहोम सोसायटी में काम करती हैं। उन्होंने बताया कि वह काम खत्म कर अपने घर जा रहीं थीं। रास्ते में एक लड़का उनका बैग छीनकर भाग गया। बैग में फोन और जरूरी कागजात थे। बैग लेकर वह जंगल की तरफ भाग गया।
उधर, गुलमोहर ग्रीन सोसायटी मोहननगर निवासी शिशिर खरे ने बताया कि वह बुधवार रात ड्यूटी से लौट रहे थे। वैशाली मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद वह जैसे ही पीछे वाले गेट पर मंदिर के सामने पहुंचे तो स्कूटी सवार बदमाश ने उनका फोन छीन लिया। बदमाश को भागता देख उन्होंने शोर मचाया। कुछ लोगों ने उसका पीछा भी किया लेकिन, बदमाश पकड़ में नहीं आया।