मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर बस अड्डा पुलिस चौकी से सौ मीटर की दूरी पर भगवानगंज मंडी कट के समीप रविवार सुबह कार सवार तीन बदमाशों ने एक लंगूर पालक से उसका लंगूर और नकदी लूट लिया। नगर की जगतपुरी कॉलोेनी निवासी संदीप एक निजी कंपनी में माली का काम करता है। संदीप ने बंदर भगाने के लिए लंगूर भी पाल रखा है। संदीप ने बताया कि रविवार सुबह आठ बजे वह लंगूर लेकर जा रहा था। आरोप है कि जैसे ही वह भगवानगंज मंडी कट के समीप पहुंचा तभी कार सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया और जबरन उससे लंगूर छीनने लगे। विरोध किया तो बदमाशों ने उसे पीट दिया। संदीप ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की है। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।