गाजियाबाद। नंदग्राम क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन में रविवार रात क्लासिक रेजीडेंसी के पास पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने डीआरडीओ के अधिकारी गोविंद से चेन छीन ली। इसके बाद बदमाश ने गोविंद को धक्का दिया, जिससे उनके साथ चल रहीं पत्नी चांदनी सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय अगले दिन सुबह आने की बात कह टरका दिया। सोमवार को पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की है। गौड कैस्केड सोसायटी निवासी गोविंद कुमार डीआरडीओ में प्रशासनिक विभाग में ग्रेड-ए के अधिकारी हैं। उन्होंने बताया कि रविवार रात वह पत्नी चांदनी के साथ मेडिकल स्टोर पर जा रहे थे। जैसे ही वे क्लासिक रेजीडेंसी के पास पहुंचे तो पीछे से बाइक पर एक बदमाश आया और उसने उनके गले पर झपट्टा मारकर चेन लूट ली। इस दौरान बदमाश के हाथ की एक अंगुली उन्होंने पकड़ ली तो बदमाश ने झटका मारा तो वह पत्नी से टकरा गए। इसके बाद बदमाश बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भाग गया। आरोप है कि उन्होंने चौकी पर शिकायत दी लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करने के बजाय सुबह शिकायत देने के लिए कह दिया। एसीपी नंदग्राम का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। जल्द ही बदमाश को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।