गाजियाबाद। डासना जेल से अदालत में पेशी पर आए पत्नी के हत्यारोपी बंदी जहांगीर ने हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार सिंह की आंख में मिर्ची झोंककर भागने की कोशिश की। मौके पर मौजूद वकीलों ने जहांगीर को पकड़ धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
हेड कांस्टेबल प्रदीप ने बताया कि दहेज हत्या के मामले में जहांगीर को पेशी पर लाया था। नई बिल्डिंग में पहुंचने के बाद उसने आंख में मिर्ची पाउडर झोंक दिया और हाथ छुड़ाकर भागने लगा। उन्होंने शोर मचाया तो वहां मौजूद अधिवक्ता और सुरक्षाकर्मियों की मदद से जहांगीर को पकड़ लिया। हेड कांस्टेबल प्रदीप को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद प्रदीप कुमार ने जहांगीर के खिलाफ कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पूछताछ में जहांगीर ने बताया कि वह जेल से ही भागने की योजना बनाकर मिर्ची साथ लेकर आया था।
छत से फेंक कर पत्नी की हत्या की थी
जिला सहायक अधिवक्ता सुनील कौशिक ने बताया कि टीलामोड़ निवासी जहांगीर की शादी तीन मार्च 2022 को शाइना के साथ हुई थी। शाइना से दहेज में डेढ़ लाख और बाइक की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर 14 अप्रैल 2022 को शाइना की पिटाई की और छत से नीचे फेंककर उसकी हत्या कर दी थी। शाइना के पिता अमीरुद्दीन अंसारी ने जहांगीर, उसके पिता अमीरुल हक व मां जरीना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जहांगीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में जेल प्रशासन को पत्र लिखा गया है। साथ ही हवालात सुरक्षा को लेकर न्यायालय सुरक्षा प्रभारी से भी रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर जांच कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।