गाजियाबाद। मीटर रीडरों की लापरवाही उर्जा निगम के उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही है। मीटर रीडर बगैर रीडिंग लिए उपभोक्ताओं के मोबाइल पर बिजली का बिल भेज रहे हैं। बुधवार को राजनगर स्थित विद्युत उपकेंद्र में आयोजित विद्युत समाधान शिविर में लोग कुछ इस तरह की समस्या लेकर पहुंचे।
गोविंदपुरम निवासी सतीश चंद कौशिक ने बताया कि उनके मोबाइल पर आए बिजली के बिल में खपत 43360 यूनिट दिखाई गई है जबकि मौके पर मीटर में 42413 यूनिट दर्ज है। उनके बिल में लगभग सात हजार रुपये की गड़बड़ी आई है। संजयनगर निवासी रामशकल सिंह ने बताया कि पिछले दो महीने से कोई भी मीटर रीडर उनके घर पर रीडिंग लेने नहीं आया लेकिन मोबाइल पर आए बिल में 307 यूनिट की गड़बड़ी आ रही है।
आरोप है कि मीटर रीडर द्वारा गलत तरीके से उनके पास लगभग चार हजार रुपये का बिल भेज दिया गया है। गोविंदपुरम निवासी हिमांशु ने बिजली के बिल में नाम बदलवाए जाने, बापूधाम निवासी शायरा बानो ने बिजली कनेक्शन का लोड बढ़वाए जाने के संबंध में शिकायत की। इसके अलावा शिविर में खराब मीटर को बदलवाए जाने, नए कनेक्शन दिए जाने, लोड बढ़वाने, नए विद्युत कनेक्शन लिए जाने से संबंधित 13 शिकायतें आई जिनका मौके पर निस्तारण किया गया।
मीटर रीडरों की लापरवाही का मामला सामने आया है। संबंधित फर्म को इस संदर्भ में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए है। - नीरज स्वरूप, मुख्य अभियंता ऊर्जा निगम