मोदीनगर। भोजपुर के गांव जोया में बृहस्पतिवार शाम विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस घटना को पृथमदृष्टया खुदकुशी का मान रही है।
जनपद अलीगढ़ के थाना खैर स्थित गांव मुन्नी का नंगला निवासी रश्मि की शादी वर्ष 2019 में भोजपुर निवासी पंकज के साथ हुई थी। परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर रश्मि कमरे में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं आई तो परिजन कमरे में पहुंचे वहां रश्मि फंदे से लटकी मिली। परिजनों ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि विवाहिता के परिजनों को मामले की जानकारी दे दी गई है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस विभिन्न बिन्दुओं पर जांच कर रही है।