गाजियाबाद। सोमवार दोपहर को हुई एक घंटे की बारिश में फिर से शहर में कई क्षेत्र जलमग्न हो गए। शहर के कई अंडरपास और निचले इलाकों में दो दिन पहले हुई बारिश का पानी पहले से जमा था। ऐसे में थोड़ी सी बारिश ने फिर से समस्या को बढ़ा दिया। ऐसे में जलभराव के बीच लोगों को पैदल, दो पहिया और चार पहिया वाहनों से होकर गुजरना पड़ा।
बारिश ने फिर से नगर निगम की जल निकासी की व्यवस्थाओं की पोल खोल कर रख दी है। हिंडन मेट्रो स्टेशन से सटे अंडरपास पर पहले से ही जमा पानी कुछ कम होना शुरू हुआ था। ऐसे में थोड़ी देर की बारिश में फिर से घुटनों तक पानी जमा हो गया। वहीं गौशाला अंडरपास में दोबारा से पानी जमा होने से लाइनपार से आने जाने वाले लोगों को मुसीबत झेलनी पड़ी। वहीं दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर बुलंदशहर औद्योगिक क्षेत्र से सटे अंडरपास में पानी भरने से पैदल लोगों को परेशानी हुई।
लोगों को लंबा रास्ता तय कर हाईवे को पार करना पड़ा। सबसे ज्यादा खराब स्थित लोहा मंडी की देखने को मिली। लोहा मंडी की कई सड़कें पहले से ही गड्ढों में तब्दील हैं। ऐसे में जलभराव होने से आम लोगों के साथ दोपहिया और व्यावसायिक वाहनों को गुजरने में दिक्कत झेलनी पड़ी। कालका गढ़ी चौक से नेहरूनगर को जाने वाले मार्ग पर टाइल्स मार्केट की रोड पर फिर पानी जमा हो गया। संजयनगर सेक्टर-23 फ्लाईओवर से सटी सर्विस लेन, लाइनपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली।