ध्यानार्थ,,,, दिल्ली
माई सिटी रिपोर्टर
इंदिरापुरम। अभयखंड चौकी क्षेत्र में होलिका पूजन के बाद सोसायटी में रील बना रही महिला से मंगलसूत्र और चेन लूटने वाले आरोपी को इंदिरापुरम पुलिस ने मंगलवार रात मुठभेड़ में घायल कर दिया। घायल का इलाज कराकर पुलिस ने पूछताछ की। टीम ने लूट का माल खरीदने वाले सुनार को भी गिरफ्तार किया है। दोनों से पुलिस ने मंगलसूत्र, चेन और लूट का माल बेचकर मिले 9 हजार रुपये, एक तमंचा व खोखा बरामद किया है।
इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि टीम ने विवेक उर्फ राजू उर्फ काके पुत्र मोहन लाल निवासी पुरानी अनारकली थाना जगतपुरी को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ की तो लूट का माल खरीदने वाले सराफ दीपक वर्मा पुत्र श्याम चरण निवासी दरियागंज दिल्ली का नाम सामने आया। पुलिस ने सराफ को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों से लूट का माल और हथियार के बारे में पता किया जिसमें विवेक ने कबूल किया कि उसने 24 मार्च को अभयखंड चौकी क्षेत्र में फोन पर रील बना रही महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र और चेन लूट ली थी। एसीपी के मुताबिक आरोपी पर इंदिरापुरम में लूट के दो, आर्म्स एक्ट का एक मुकदमा दर्ज है।