कौशांबी। वैशाली सेक्टर-2 में चोरों ने श्रीमद् भागवत कथा सुनने गईं चंपा सत्यवली के गले से मंगलसूत्र और उनके साथ रोशनी देवी की चेन चोरी कर ली। इनके बाद 25 सितंबर को वैशाली सेक्टर-6 की माधुरी से भी कथा स्थल पर सोने की चेन चोरी कर ली। तीनों घटना की सूचना कौशांबी और इंदिरापुरम पुलिस को दी। पुलिस मैदान के पास कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर चोरों की पहचान कर रही है।
वैशाली सेक्टर-2 की निवासी चंपा सत्यवली ने बताया कि वह घर के पास श्रीमद् भागवत कथा को सुनने गई थी। उनके साथ पड़ोसी रोशनी देवी भी थीं। धार्मिक कार्यक्रम में काफी संख्या में महिलाएं और भक्त शामिल हुए थे। इस बीच कथावाचक के भक्ति गीतों पर सभी ने जमकर नृत्य भी किया। शाम को कथा का समापन होने के बाद पंडाल में प्रसाद वितरण हो रहा था। आरोप है कि भीड़ के बीच चोरों ने उनके गले से सोने का मंगलसूत्र जबकि रोशनी देवी के गले से सोने की चेन चोरी कर ली। दोनों ने घर जाते हुए दोनों ने एक-दूसरे के गले से चेन व मंगलसूत्र गायब देखा। उसके बाद दोनों वैशाली चौकी पहुंचीं। वहां पुलिसकर्मियों को घटना की शिकायत देकर चोरों को पकड़ने की मांग की।
उधर, वैशाली सेक्टर-6 में रहने वाले पीयूष भट्ट ने बताया कि 25 सितंबर को सोसायटी में कथा हो रही थी। पत्नी माधुरी और अन्य महिलाएं कथा सुनने के लिए गई थीं। भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने उनके गले से सोने की चेन चोरी कर ली। घर पहुंचने पर उन्होंने पत्नी के गले से सोने की चेन गायब देखी तो उसके बारे में पूछा। पुलिस को चोरी की सूचना दी गई।
एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि तीनों घटनाओं में चोरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज चेक कर रहे हैं। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।