गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में रहने वाली महिला को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और मजबूरी बताकर पांच लाख रुपये हड़पने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पीड़िता ने एक अक्तूबर को क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में शिकायत देकर बताया था कि इजिंदर बेदी ने दोस्ती कर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया और पांच लाख रुपये भी ले लिए। वापस मांगने पर अश्लील फोटो वायरल कर दी।
एसीपी वेव सिटी लिपि नगायच ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी इजिंदर बेदी बिहार के अररिया का रहने वाला है। हाल में गौतमबुद्धनगर की अवेन्यू गौर सिटी में रहता है। पूछताछ में उसने बताया कि 2021 में पत्नी से उसका तलाक हो गया था। उसका एक बेटा है जो स्कूल में पढ़ता है। उसी स्कूल में एक महिला का बच्चा भी उसकी बेटे की कक्षा में पढ़ता है। वह जब अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने या लेने आती थी तो उसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई और दोस्ती हो गई।
वह उसके घर आने-जाने लगा। दोनों के बीच प्रेम हो गया। इसी बीच उनके बीच संबंध बने और मजूबरी बताकर उनसे उससे पांच लाख रुपये और कुछ गहने ले लिए थे। एसीपी का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।