माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। जिले में गरीब और बेसहारा लोगों का पेट भरने का इंतजाम महादेव की रसोई कर रही है। इस रसोई में करीब 500 लोगों के लिए प्रतिदिन खाने के पैकेट तैयार किए जाते हैं। सोमवार को भी गुलधर में खाना बांटा गया। महादेव की रसोई का संचालन पूर्वाचल आदर्श जन कल्याण समिति कर रही है। इस समिति को कुछ युवा चला रहे हैं। जिन्हें समाजसेवा और गरीब लोगों की मदद का जज्बा है। महादेव की रसोई गांव गुलधर में है। समिति के ओम साह,इंद्रजीत प्रसाद,ललित त्यागी, रजत त्यागी, अमन, अभिषेक आदि करीब एक सप्ताह से प्रतिदिन 500 लोगों को भोजन के पैकेट का वितरण कर रहे हैं। इतना ही नहीं ये लोग झुग्गियों में जाकर लोगों को कोरोना से बचाव के प्रति जागरूक कर रहे हैं। लोगों को खाने के पैकेट बांटने के साथ ही उनको साफ—सफाई के प्रति भी जागरूक करने का काम करते हैं।