गाजियाबाद। अंकुर विहार के डीएलएफ फ्लैट में आठ मई को मिले 45 वर्षीय मजदूर के शव के मामले का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने एक हत्यारोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने बताया कि उन दोनों की मुलाकात डेटिंग एप के जरिये हुई थी। मजदूर ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली थी और उसे ब्लैकमेल कर साथ रहने का दबाव बनाने लगा तो उसने कपड़े से गला दबाकर हत्या कर दी।
डीसीपी ग्रामीण विवेक यादव ने बताया कि जांच में पता चला कि मजदूर की हत्या दो मई की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई थी। पकड़ा गया 38 वर्ष का आरोपी दिल्ली के जाफराबाद में रहता है। मूलरूप से वह संभल के चंदौसी का रहने वाला है। शादीशुदा है तीन बच्चे भी हैं और मजदूरी करता है। पूछताछ में उसने बताया कि उनके एक दुकान पर एक युवक को डेटिंग एप चलाते हुए देखा था। इसके बाद उसने भी उस एप का इस्तेमाल शुरू कर दिया। दो मई को उसका संपर्क बिहार के रहने वाले एक व्यक्ति से हुआ। वह शाहदरा में रहता था। वह दो मई को करीब 12 बजे उसके पास आया था। इस दौरान मजदूर ने उसकी वीडियो बना ली। इसके बाद वह खाना लेने चला गया। तीन बजे करीब जब वापस लौटा तो उसे साथ रहने का दबाव बनाने लगा। परेशान होकर उसने उसके कपड़े से ही हाथ पैर बांधकर गला दबाकर हत्या कर दी और उसका मोबाइल कबाड़ी को बेच दिया।