पीड़ित ने बताया कि उसने अपनी बेटी का रिश्ता तय किया है। शुक्रवार की रात कुछ लोगों ने उसके घर की दीवार समेत गांव में अन्य स्थानों पर पोस्टर चस्पा कर दिए। जिस पर उसकी बेटी का नाम लिखते हुए बरात लाने पर दूल्हे को जान से मारने और बरात को श्मशान बनाने की धमकी लिखी हुई है।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी और उसके साथियों ने पेट्रोल से भरी बोतल में आग लगाकर उसके घर में फेंक दी। जिसके फटने की आवाज पर वह और उसके परिजन जाग गए। बाहर निकलने पर आरोपी और उसके साथियों ने तमंचे से तीन हवाई फायर भी किए। फायरिंग की आवाज से मोहल्ले में जाग हो गई।
आस पड़ोस के लोगों को आता देखकर आरोपी भाग निकले। पीड़ित का कहना है कि आरोपी पक्ष उसकी बेटी का रिश्ता तुड़वाना चाहते हैं। घटना के बाद से वह और उसके परिवार के लोग भयभीत हैं। पीड़ित ने तहरीर देते हुए कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि मामला काफी गंभीर है। सिंभावली पुलिस को मामले की गहन जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। घटना में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।