गाजियाबाद। लोनी की वेद विहार कॉलोनी निवासी राजकुमार को मोटे मुनाफे का लालच देकर शातिरों ने 10.15 लाख रुपये ठग लिए। उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित राजकुमार ने बताया कि वह रिटायर्ड कर्मचारी हैं। फेसबुक पर उन्होंने शेयर बाजार में निवेश करके मोटी कमाई का विज्ञापन देखा था। उन्होंने दिए नंबर पर बात की तो आरोपी ने खुद को बड़ी कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उनको शेयर बाजार से जुड़ी तमाम जानकारी दी और कहा कि उनके अनुसार निवेश किया तो बड़ा मुनाफा होगा। उनके पास एक्सपर्ट टीम है, जो दिनरात इसपर काम करती है। उस पर भरोसा करके उन्होंने 10.15 लाख रुपये दिए गए खातों में जमा कर दिए। आरोपियों से विश्वास दिलाने के लिए कुछ दिन तक खाते में रकम ट्रांसफर भी की। इससे उनको विश्वास हो गया। इसके बाद उनको एप डाउनलोड कराया गया था, उसपर बढ़ी हुई रकम भी दिख रही थी, लेकिन बाद में पता चला कि एप फर्जी था और उनसे ठगी हो रही है। एसीपी ने बताया कि खाते में जमा रकम को फ्रीज कराने की कार्रवाई कराई जा रही है। आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद