इंदिरापुरम। मकनपुर में बुधवार रात गत्ता फैक्टरी मालिक के माता-पिता को घर में बंधक बनाकर चार बदमाश चाकू की नोक ढाई लाख रुपये और गहने लूटकर ले गए। विरोध करने पर मारपीट करते हुए दंपती को सोफे पर लिटाकर मुंह, हाथ व पैर टेप से बांध दिए। आधे घंटे तक बदमाशों ने बेड और अलमारी सहित अन्य समान खंगाला। बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह महिला ने हाथ खोलकर पति को बंधनमुक्त किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस घर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में जुटी है।
मकनपुर कुआं वाला मंदिर निवासी विवेक त्यागी की दिल्ली के झिलमिल में गत्ते की फैक्टरी है। बुधवार सुबह वह फैक्टरी गए थे। घर पर पिता सुशील त्यागी (56) और मां अर्चना त्यागी (52) थे। रात करीब 8:30 बजे पिता भूतल स्थित कमरे में खाना खा रहे थे। मुख्य दरवाजे की कुंडी खुली थी। तभी मास्क पहने चार बदमाश घर में घुस गए। चारों ने दंपती को चाकू की नोक पर लेकर बंधक बना लिया। फिर सोफे पर लिटाकर मुंह, हाथ, पैर को टेप से बांध दिया। दो बदमाश दंपती के पास खड़े होकर निगरानी करते रहे जबकि दो बदमाशों ने अलमारी से ढाई लाख रुपये, सोने की दो अंगूठी, चेन, कुंडल, सोने का मंगलसूत्र और अन्य गहने एक बैग में डाल लिए। बदमाशों ने बेड, दूसरे कमरों की अलमारी व दराज खोलकर कीमती सामान की तलाश की, लेकिन कुछ खास नहीं मिला। करीब आधे घंटे तक बदमाश घर में तांडव मचाते रहे, लेकिन पड़ोसियों को भनक तक नहीं लगी।
महिला का हाथ खुला, कैंची से पति की टेप काटी
बदमाशों के जाने के बाद अर्चना त्यागी बार-बार हाथ को खोलने का प्रयास करती रहीं। किसी तरह हाथ खुलने पर उन्होंने पास में रखी कैंची उठाई और पति के मुंह और हाथ पर लगी टेप को काट दिया। फिर सुशील ने पत्नी की टेप काटकर उन्हें बंधनमुक्त किया। सबसे पहले दोनों ने डायल-112 पर पुलिस को शिकायत की। इसके बाद रिश्तेदार व पड़ोसियों को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचे एसीपी इंदिरापुरम, कोतवाली प्रभारी व एसओजी टीम ने अलग-अलग एंगल से जांच की।
छह टीमें बदमाशों की तलाश में जुटीं
डीसीपी शुभम पटेल ने बताया कि घटनास्थल के पास कई गलियां और तिराहे-चौराहे हैं। लिहाजा टीम सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगी है। एसओजी और पुलिस टीम अलग-अलग एंगल से बदमाशों का पता लगाने में जुटी है।